ENG | HINDI

विदुर नीति के अनुसार इन चार कारणों से उड़ जाती है लोगों के रातों की नींद !

विदुरनीति का जिक्र महाभारत के दौरान किया गया था. बताया जाता है कि एक बार जब महाराज धृतराष्ट्र का मन बहुत व्यथित था और इसी व्यथा के कारण जब उन्हें रात में नींद नहीं आ रही थी, तब उन्होंने अपने महामंत्री विदुर को अपने समक्ष पेश होने का आदेश दिया.

कुछ समय बाद महामंत्री विदुर महल में महाराज धृतराष्ट्र के सामने पेश हुए, उनके आते ही धृतराष्ट्र ने अपने मन की व्यथा बताते विदुर से हुए कहा कि उनका मन बहुत व्याकुल है. यह तब से हो रहा है जब से संजय पांडवों के यहां से वापस लौटकर आया है.

संजय भरी सभा में सभी के सामने कल क्या कहेगा यह सोचकर धृतराष्ट्र का मन व्यथित हो रहा था और उन्हें नींद नहीं आ रही थी. धृतराष्ट्र की इस बात को सुनकर विदुर ने उनसे कहा कि व्यक्ति के जीवन में जब ये चार बाते होती हैं तो उसका मन अशांत होता है और उसके रातों की नींद उड़ जाती है.

महाभारत में विदुर ने जिन चार बातों का जिक्र किया है उसे विदुरनीति कहते हैं तो चलिए हम आपको बताते हैं विदुर नीति की वो चार बातें जिनके चलते लोगों के रातों की नींद उड़ जाती है.

1- कामभावना के चलते

विदुर नीति के अनुसार अगर किसी व्यक्ति के मन में कामभावना जाग जाती है तो उसके रातों की नींद उड़ जाती है. जब तक उस व्यक्ति की कामभावना को तृप्ति नहीं मिलती है तब तक उसे नींद नहीं आती है. चाहे स्त्री हो या पुरुष कामभावना उसके मन को अशांत कर देती है जिसके चलते वो कोई भी काम ठीक से नहीं कर पाता है और ना ही चैन से सो पाता है.

2- किसी से शत्रुता होने पर

चाहे स्त्री हो या पुरुष अगर उसकी दुश्मनी किसी बलवान व्यक्ति से हो जाती है तो उसके रातों की नींद उड़ जाती है. कमजोर और साधनहीन व्यक्ति हर पल अपने शक्तिशाली दुश्मन से बचने के उपाय के बारे में सोचता रहता है. उसे हर पल यही डर सताता है कि कहीं उसका दुश्मन उसे कोई हानि ना पहुंचा दे.

3- सबकुछ छिन जाने पर

विदुर ने धृतराष्ट्र को बताया था कि अगर किसी व्यक्ति से उसका सबकुछ छीन लिया जाए तो उसके रातों की नींद उड़ जाती है. अपना सबकुछ छिन जाने पर व्यक्ति ना तो चैन से जी पाता है और ना ही चैन से सो पाता है. ऐसे हालात में वो हर हाल में अपनी खोई हुई चीजों को वापस पाने के बारे में सोचने लगता है इसलिए उसे नींद नहीं आती है.

4- चोरी करने की आदत

विदुर नीति के अनुसार जिस व्यक्ति को चोरी करने की आदत है या फिर चोरी करना उसका पेशा है तो फिर उसे रातों को नींद नहीं आती है क्योंकि वो रात भर दूसरों के घरों में चोरी करने की योजनाएं बनाता रहता है. चोर हमेशा रात में चोरी करता है और दिन में उसे हर पल इस बात का डर सताता है कि कहीं उसकी चोरी पकड़ी ना जाए. जिसके चलते उसकी नींद हराम हो जाती है.

बहरहाल विदुर नीति में बताई गई इन चार बातों के अलावा इंसान के जीवन में और भी कई ऐसी घटनाएं होती हैं जिससे इंसान का मन अशांत होता है और उसके रातों की नींद उड़ जाती है.