ENG | HINDI

प्रियंका चोपड़ा और मानुषी छिल्लर में ये एक चीज़ है कॉमन

प्रियंका चोपड़ा के मिस वर्ल्‍ड बनने के बाद भारत को इस खिताब के लिए बहुत इंतज़ार करना पड़ा है। मानुषि छिल्‍लर से पहले प्रियंका चोपड़ा साल 2000 में मिस वर्ल्‍ड बनीं थी। अब 17 साल बाद कोई सुंदरी भारत के लिए इस खिताब को जीतकर लाई है।

कुछ दिनों पहले ही मानुषि छिल्‍लर को मिस वर्ल्‍ड घोषित किया गया है। प्रियंका चोपड़ा और मानुषि छिल्‍लर दोनों ही मिस वर्ल्‍ड हैं लेकिन इस चीज़ के अलावा भी कुछ और है जो दोनों में कॉमन है।

आपको जानकर हैरानी होगी कि भारत के लिए ये खिताब जीतकर लाने वाली दोनों सुंदरियां डॉक्‍टरों के परिवार से हैं। प्रियंका चोपड़ा के माता-पिता आर्मी में डॉक्‍टर थे और मानुषि के माता-पिता भी डॉक्‍टर हैं।

अपने माता-पिता की तरह मानुषि खुद भी एक मेडिकल स्‍टूडेंट हैं। हरियाणा के सोनीपत में रहने वाली मानुषि ने अपनी खूबसूरती और टैलेंट से दुनियाभर में देश और अपने परिवार का नाम रोशन किया है। इस प्रतियोगिता में दूसरे नंबर पर मिस मेक्सिको रहीं और तीसरे नंबर पर मिस इंग्‍लैंड।

मिस इंडिया मानुषि छिल्‍लर से फाइनल राउंड में जूरी ने सवाल पूछा था कि किस प्रोफेशन में सबसे ज्‍यादा सैलरी मिलनी चाहिए और क्‍यों ?

इस सवाल के जवाब में मानुषि ने कहा था कि मां को सबसे ज्‍यादा सम्‍मान मिलना चाहिए। मां को अपने प्‍यार और त्‍याग के बदले सैलरी में पैसों की जगह सम्‍मान और प्‍यार मिलना चाहिए।

मिस वर्ल्‍ड बनने के बाद तो प्रियंका ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और आज वो भारत ही नहीं बल्कि इंटरनेशनल स्‍तर पर नाम और शोहरत कमा रही हैं। अब यह देखना दिलचस्‍प होगा कि क्‍या मानुषि को भी प्रियंका की तरह इतनी तरक्‍की और नाम मिलता है या नहीं। अब देखते हैं कि अपने भविष्‍य को लेकर मानुषि ने क्‍या प्‍लान बना रखे हैं। क्‍या पता प्रियंका की तरह बॉलीवुड को मानुषि के रूप में एक और उम्‍दा कलाकार मिल जाए।