ENG | HINDI

इन खेलों के पीछे दीवाने हैं दर्शक, ये हैं विश्व के सबसे लोकप्रिय खेल

विश्व के सबसे लोकप्रिय खेल

विश्व के सबसे लोकप्रिय खेल – दुनियाभर में वैसे तो कई तरह के खेल खेले जाते हैं। कुछ खेल टीम स्पोर्ट्स के नाम से जाने जाते हैं तो वहीं कुछ खेल एक-दो खिलाड़ी के ऊपर निर्भर होते हैं।

फुटबॉल, क्रिकेट, हॉकी, बास्केटबॉल, रग्बी जैसे खेलों को टीम स्पोर्ट्स कहा जाता है क्योंकि इन खेलों में कई खिलाड़ी मिलकर खेलते हैं। वहीं टेनिस, बैडमिंटन, टेबल टेनिस जैसे खेलों में खिलाड़ियों की संख्या 1 या फिर 2 होती है। आज हम आपको उन खेलों के बारे में बताएंगे जिन्हें दर्शक दीवानों की तरह चाहते हैं, जिनके लिए दर्शक कुछ भी करने के लिए तैयार हो जाते हैं।

आइए जानते हैं कौन से खेल हैं विश्व के सबसे लोकप्रिय खेल ।

1. फुटबॉल:

फुटबॉल के खेल को सभी खेलों का राजा कहा जाए तो बिल्कुल भी गलत नहीं होगा। इस खेल को दुनियाभर में बेतहाशा पसंद किया जाता है। इस खेल की दीवानगी का आलम ये है कि कई दर्शक अपनी टीम के हारने पर हिंसा पर भी उतारू हो जाते हैं। फुटबॉल दुनिया के लगभघ हर कोने में खेला जाता है और सही मायनों में ये खेल सबसे विकसित खेल है। इस खेल को योरूप, एशिया, अफ्रीका, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया समेत दुनियाभर में खेला जाता है। पूरे विश्व में इस खेल के 4.5 अरब प्रशंसक हैं। इस खेल का संचालन फीफा करता है। फुटबॉल विश्व का आयोजन हर 4 साल में एक बार होता है। अगला फीफा विश्व कप साल 2018 में रूस में खेला जाएगा।

2. क्रिकेट:

दुनिया के दूसरे सबसे लोकप्रिय खेल का दर्जा क्रिकेट को प्राप्त है। क्रिकेट के खेल को कई देशों में धर्म की तरह पूजते हैं। कई खेलों की तरह इंग्लैंड को ही इस खेल का जन्मदाता माना जाता है। लेकिन इसे इत्तेफाक ही कहेंगे कि इस खेल के जन्मदाता ने एक बार भी विश्व कप जीतने में कामयाबी नहीं पाई है। क्रिकेट के खेल को भारत, श्रीलंका, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज में जुनून की तरह पसंद किया जाता है। वहीं अफगानिस्तान, नेपाल, आयरलैंड समेत दुनिया के कई और देशों में भी इस खेल के चाहने वालों की संख्या बहुत ज्यादा है। ऑस्ट्रेलिया में प्रधानमंत्री की कुर्सी के बाद टेस्ट क्रिकेट के कप्तान को सबसे अहम माना जाता है। दुनियाभर में क्रिकेट के लगभग 4 अरब से भी ज्यादा प्रशंसक हैं। वहीं क्रिकेट का संचालन आईसीसी करती है। क्रिकेट विश्व कप भी हर 4 साल में एक बार खेला जाता है। अगला विश्व कप साल 2019 में इंग्लैंड में खेला जाएगा।

3. हॉकी:

सूची में तीसरे नंबर पर भी टीम स्पोर्ट्स ही है। हॉकी के खेल को भी दुनियाभर में पसंद किया जाता है। ये खेल सबसे पुराने खेलों में से एक है। हॉकी का खेल दो प्रकार से खेला जाता है। पहला- फील्ड हॉकी और दूसरा- आइस हॉकी। आइस हॉकी को सबसे ज्यादा पसंद रूस, कनाडा में किया जाता है, तो वहीं हॉकी को भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, स्पेन जैसे देशों में खासा पसंद किया जाता है। हॉकी विश्व कप भी 4 साल में एक बार खेला जाता है। हॉकी में पाकिस्तान के नाम सबसे ज्यादा (4) विश्व जीतने का रिकॉर्ड दर्ज है। अगला हॉकी विश्व कप साल 2018 में भारत में खेला जाएगा।

विश्व के सबसे लोकप्रिय खेल

4. टेनिस:

टेनिस को दुनिया के सबसे लोकप्रिय खेलों की ख्याति प्राप्त है। विशेषज्ञों की मानें तो टेनिस लगभग 14वीं शताब्दी से खेला जा रहा है। टेनिस की सबसे खास बात ये है कि ये 1 या फिर 2 खिलाड़ियों द्वारा खेला जाता है। टेनिस के एक साल में 4 बड़े ग्रैंड स्लैम होते हैं। इन्हें ऑस्ट्रेलियन ओपन, यूएस ओपन, विंबलडन और फ्रेंच ओपन के नाम से जाना जाता है। हर खिलाड़ी का सपना होता है कि वो चारों ग्रैंड स्लैम जीते। अमेरिका, एशिया और यूरोप समेत दुनियाभर में टेनिस के लगभग 1 अरब प्रशंसक हैं।

विश्व के सबसे लोकप्रिय खेल

5. वॉलीबॉल:

पांचवें नंबर पर जगह बनाने वाला खेल वॉलीबॉल है। इस खेल को दुनियाभर में खेला जाता है और स्कूल स्तर से ही छात्र इस खेल को खेलना सीख जाते हैं। इस खेल की शुरुआत स्कूल स्तर से हो जाती है और इसी कारण इसे भी दुनिया के सबसे लोकप्रिय खेल का गौरव हासिल है। वॉलीबॉल को यूरोप, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और एशिया में खासा पसंद किया जाता है। दुनियाभर में इस खेल के लगभग 90 करोड़ प्रशंसक हैं।

विश्व के सबसे लोकप्रिय खेल

ये है विश्व के सबसे लोकप्रिय खेल – हालांकि इन खेलों के अलावा भी दुनिया में कई तरह के खेल खेले जाते हैं लेकिन उन खेलों को या तो दुनिया के कुछ हिस्सों में ही खेला जाता है या फिर उन खेलों ने अब तक प्रशंसकों के दिलों में वो जगह नहीं बनाई जो इन खेलों के लिए है। हालांकि किसी भी खेल को बड़ा या लोकप्रिय प्रशंसक बनाते हैं और किसी भी खेल के लिए प्रशंसकों का साथ होना बहुत जरुरी है। इसे भी एक संयोग की कहेंगे कि भारत का राष्ट्रीय खेल हॉकी है लेकिन आज इस खेल और खिलाड़ियों की हमारे देश में कोई पूछ नहीं है। भारत में आज क्रिकेट ने हर खेल को काफी पीछे छोड़ दिया है।