ENG | HINDI

एक साथ 5-5 बॉयफ्रेंड्स घुमाने वाली लड़की बहुत स्मार्ट होती है सर जी!

boyfriends

क्यों भाई साहब, डर गए ऐसी लड़की के बारे में सुन के जो 5-5 बॉयफ्रेंड्स घुमा सकती है?

क्यों यार, अगर लड़कों को हक़ है तो लड़कियों को भी तो है ऐसी मस्ती करने का? हमेशा एक राजा की हज़ार रानियाँ क्यों हों? एक रानी के कई राजा भी तो हो सकते हैं!

और सच कहूँ तो दोस्तों, एक लड़की के लिए 5-5 बॉयफ्रेंड्स को घुमाना कोई आसान काम नहीं है, ख़ास वाला टैलेंट चाहिए! हर किसी के बस की बात भी नहीं है! सोचो पकड़े जाओ तो?

यही तो टैलेंट है श्रीमान! आओ ज़रा बताएँ क्या गुण चाहिएँ ऐसी लड़कियों को ये क़िला फ़तेह करने के लिए:

1) मैनेजमेंट स्किल्स

जी हाँ, बड़े-बड़े एम बी ए के कॉलेजेस में यह ज्ञान नहीं मिलेगा जो यह लड़कियाँ सीखा जाएँगी! एक बॉयफ्रेंड को कॉलेज छोड़ने और ले आने की ज़िम्मेदारी तो दूसरे को फ़ोन रिचार्ज करवाने की! तीसरे से शॉपिंग करवाने की तो चौथे से डिनर पर ले जाने की! और पाँचवे महाशय सिर्फ़ फ़ोन पर ही मज़े दिलवायेंगे और फिर भी मेहबूबा के गुण गाएँगे! इतना सब होने पर भी पाँचों में से किसी को भनक भी ना लग पाना कि कोई और बॉयफ्रेंड भी है, यह पक्की मैनेजमेंट स्किल्स ही हैं हुज़ूर!

2) कम्युनिकेशन स्किल्स

सब बातों का खेल है उस्ताद और लड़कियों की मीठी-मीठी चिकनी-चुपड़ी बातों से तो बड़े-बड़े ऋषि-मुनि और भगवान नहीं बच पाये, यह अदना से लड़के क्या चीज़ हैं? और अपनी इस शक्ति को यह लड़कियाँ अच्छे से समझती भी हैं और इनका भली-भांति इस्तेमाल भी करना जानती हैं! ऐसे ही नहीं कई लड़कों को अपनी ऊँगली पर नचातीं ना!

3) मैनीपुलेशन स्किल्स

यार अब ग़लत मत समझना, मैनीपुलेशन कह लो या प्यार-मोहब्बत से बहला-फुसला के अपना काम निकलवाना! अब इसके बिना कैसे बनेंगे लड़के लट्टू? बस लड़कों के दिल से खेल लो थोड़ा सा, प्यार से बना लो अपना और फिर देखो कैसे बन्दर के जैसे गुलाटियाँ मारते नज़र आएँगे यह बाँगड़ू! लड़कियाँ इस काम में माहिर होती हैं जनाब!

तो जिस लड़की के पास ऐसे ख़ास हथियार हैं, उनका भविष्य एकदम सुरक्षित है| बल्कि उनके लिए तो एक ही काम है जो ना सिर्फ़ उनके फ़ायदे का है, बल्कि देश को भी फायदा पहुँचा सकता है! वो है आगे जीवन में चलके राजनीती में घुस जाना! यह जितने ऐंवेई किस्म के राजनेता हैं जिनसे देश नहीं संभल रहा, उन्हें तो दो दिन में रास्ते पर ले आएँगी और जहाँ जो काम रुका है, चुटकी बजाते ही करवा देंगी! यही तो चाहिए देश को, क्यों?

तो सर जी, ऐसी लड़कियों को बढ़ावा दें, अपने फ़ायदे के लिए ना सही तो देश के लिए ही!

वैसे भी आम लड़का तो क्या संभाल पायेगा ऐसी लड़की को, कम से कम मैडम जी देश ही संभाल लें!